*बिजली नहीं रहने से गुस्साए लोग, एसडीओ को जमकर पीटा*

धनबाद जिले के गोमों में तीन दिनों से बिजली नहीं रहने से लोग परेशान थे। गुरुवार की सुबह से गोमो बिजली कार्यालय के सामने लोगों ने जमकर हंगामा किया। लोगों ने एसडीओ संतोष मंडल को घेर कर पीटा। उसके बाद एसडीओ को लेकर सड़क पर जुलूस निकाला। आरोप है कि सड़क पर बैठाकर लोगों ने एसडीओ को भिक्षाटन कराया।  दरअसल गोमो के लोग बिजली की मांग को लेकर कार्यालय में वार्ता करने पहुंचे। गोमो के लोगों की मांग थी कि दुग्दा फीडर के साथ और एक और फीडर से गोमो सब स्टेशन में बिजली दी जाए ताकि एक फीडर फेल हो तो दूसरे से बिजली मिले। भेंडरा को अलग फीडर से बिजली दी जाए। गोमो सब स्टेशन में दस एमवीए ट्रांसफॉर्मर लगाने व नियमित बिजली आपूर्ति करने की मांग की। इस पर एसडीओ संतोष मंडल ने आश्वासन दिया कि भेंडरा को दूसरे फीडर में जोड़ने का काम जारी है, दस दिन में पूरा हो जाएगा।तभी भेंडरा में बिजली नहीं रहने से आक्रोशित सैकड़ों लोग गोमो बिजली कार्यालय पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। भेंडरा के लोगों की मांग थी कि जब तक भेंडरा फीडर तैयार नहीं होता है, तब तक गोमो फीडर से पहले की तरह बिजली मिलती रहे। सुबह दस से शाम छह बजे तक लोग जमे रहे लेकिन कोई समाधान नहीं निकल पाया। इस बीच एसडीओ ने लिखित आश्वासन भी दिया लेकिन लोगो को एसडीओ की बातों पर भरोसा नहीं था। इसके बाद शाम चार बजे अधीक्षण अभियंता डीएन साहू पहुंचे, उन्हें भी लोगों के गुस्से का शिकार होना पड़ा।अधीक्षण अभियंता के सामने एसडीओ का जुलूस निकाला गया, अधीक्षण अभियंता भीड़ के समक्ष लाचार दिखे। पुलिस भी पहुंची लेकिन मौजूद भीड़ के सामने पुलिस की एक न चली। अंततः शाम छह बजे अधीक्षण अभीयंता ने आश्वासन दिया कि दो दिन के अंदर गोमो सब-स्टेशन में दस एमवीए का ट्रांसफॉर्मर लगाया जाएगा और भेंडरा को पूरी कोशिश की जाएगी कि बिजली नियमित मिल सके। इसके बाद हंगामा कर रहे लोग शांत हुए। तब जाकर एसडीओ मुक्त हुए।