*झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा उलटफेर, विधायक सरयू राय जदयू में शामिल

रांचीः झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले एक नया सियासी समीकरण देखने को मिल रहा है. झारखंड के पूर्व मंत्री सह निर्दलीय विधायक सरयू राय जदयू में शामिल हो गये हैं. पटना में उन्होंने पार्टी का दामन थामा. जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह राज्यसभा संजय कुमार झा ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई और उनका स्वागत किया.इसको लेकर संजय कुमार झा ने सोशल मीडिया X पर पोस्ट डालते हुए लिखा है कि 'जदयू परिवार में आपका स्वागत है. झारखंड के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री, जमशेदपुर पूर्वी के माननीय विधायक सरयू राय जी को जदयू की सदस्यता दिलाई. जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार के माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के साथ उनका पिछले कई दशकों से व्यक्तिगत संबंध रहा है. मुझे विश्वास है, सरयू राय जी के आने से झारखंड में पार्टी को मजबूती मिलेगी. इस मौके पर बिहार सरकार के माननीय मंत्री एवं जदयू के झारखंड प्रदेश प्रभारी अशोक चौधरी जी, माननीय मंत्री श्रवण कुमार जी, माननीय राज्यसभा सांसद सह जदयू के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो जी, माननीय विधान पार्षद संजय गांधी जी और प्रदेश महासचिव मनीष कुमार जी मौजूद थे'.