झारखंड के विभिन्न जिलों में 17,18 ,19 जुलाई को बारिश की संभावना

रांची, 16 जुलाई  झारखंड के विभिन्न हिस्सों में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदला रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 17 और 18 जुलाई को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही 20 जुलाई तक राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, 17 जुलाई को राज्य के दक्षिणी और मध्यवर्ती भाग के खूंटी और गुमला जिलों के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। वहीं 18 जुलाई को मध्यवर्ती एवं उत्तर-पश्चिम से सटे लातेहार और चतरा जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार सुबह से बादल छाए रहे तथा हल्की बूंदाबांदी हुई। हालांकि दोपहर बाद धूप निकलने से गर्मी और उमस का असर महसूस किया गया।