पश्चिम बंगाल में बालू माफिया पर बड़ा एक्शन, कारोबारी के घर से ₹20 करोड़ से अधिक नकदी और 15 किलो सोना बरामद*

*कोलकाता/बीरभूम :* पश्चिम बंगाल पुलिस ने बीरभूम जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित बालू माफिया एवं पत्थर कारोबारी मीनार मंडल के घर पर छापेमारी कर ₹20 करोड़ से अधिक नकदी और करीब 15 किलोग्राम सोना बरामद किया है। बरामद सोने में 14 एक-एक किलो की सोने की छड़ें और 100-100 ग्राम के 10 सोने के बिस्कुट शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ₹21.5 करोड़ बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, नकदी कई थैलों में भरकर रखी गई थी और उसकी गिनती के लिए पांच नोट गिनने वाली मशीनों की मदद ली गई। अधिकारियों का कहना है कि नकदी की कुल राशि ₹20 करोड़ से भी अधिक हो सकती है।

जांच में सामने आया है कि मीनार मंडल पहले सरकारी बस चालक था और बाद में कथित बालू व पत्थर कारोबारी तुल्लू मंडल उर्फ मोहम्मद निजामुद्दीन का करीबी बनकर कारोबार से जुड़ा। पुलिस अब बरामद नकदी और सोने के स्रोत की जांच कर रही है।

आरोप है कि तुल्लू मंडल बीरभूम के मोहम्मदबाजार, नलहाटी और देवचा-पचामी क्षेत्रों में लंबे समय से अवैध पत्थर खदानों और बालू कारोबार का संचालन करता था तथा फर्जी डेली कलेक्शन रजिस्टर (DCR) के जरिए करोड़ों रुपये का अवैध कारोबार चलाता था।

यह छापेमारी बीरभूम के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) नीलेश श्रीकांत गायकवाड़ के नेतृत्व में की गई, जिसमें कई थानों की पुलिस शामिल रही।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि खुफिया सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में अवैध रूप से अर्जित संपत्ति बरामद हुई है और राज्य सरकार भ्रष्टाचार व संगठित अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।