गिरिडीह में मुंबई पुलिस की रेड, 2.65 करोड़ चोरी मामले में थार व जेवरात बरामद*

*गिरिडीह,*: मुंबई के वर्ली थाना क्षेत्र में 2.65 करोड़ रुपये की चोरी के मामले में मुंबई पुलिस ने झारखंड के गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र में छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, अन्य चोरी का सामान तथा चोरी की रकम से खरीदी गई एक महिंद्रा थार एसयूवी बरामद की गई।

जानकारी के अनुसार, पंडरिया निवासी अमित यादव (26) और सांख निवासी सतीश कुमार (26) मुंबई में वर्ली स्थित उपसभापति संजय अहीर के घर में घरेलू कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। आरोप है कि दोनों ने लंबे समय तक घर में काम करने के दौरान धीरे-धीरे आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान की चोरी की।

घर से लगातार सामान गायब होने की शिकायत के बाद वर्ली पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें 2.65 करोड़ रुपये की चोरी का मामला सामने आया। इसके बाद वर्ली थाना में कांड संख्या 341/26 दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की बात स्वीकार कर ली।

इसके बाद मुंबई पुलिस की टीम आरोपियों को साथ लेकर गिरिडीह पहुंची और गावां थाना पुलिस के सहयोग से पंडरिया और सांख गांव में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान करीब चार लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया। जांच में यह भी पता चला कि चोरी की रकम से खरीदी गई महिंद्रा थार एसयूवी को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।

गावां थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार ने बताया कि बरामद सामान और वाहन की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया।