BLO घर आएं तो पूरा सहयोग करें, सही जानकारी दें: DC मंजूनाथ भजन्त्री

*

*रांची*: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत रांची जिले में मतदाता सूची को अद्यतन करने के लिए बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) द्वारा घर-घर जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाने का कार्य जारी है। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि BLO के घर आने पर उन्हें पूरा सहयोग करें और एन्यूमरेशन फॉर्म में सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज कराएं।

उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और विश्वसनीय बनाने के लिए फॉर्म में नाम, पिता/पति का नाम, आयु, पूरा पता, मोबाइल नंबर सहित सभी आवश्यक विवरण सावधानीपूर्वक भरना जरूरी है। फॉर्म जमा करने से पहले सभी जानकारियों की एक बार अच्छी तरह जांच भी कर लें, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न रह जाए।

उन्होंने कहा कि गलत, अधूरी या भ्रामक जानकारी देने से भविष्य में मतदान के दौरान परेशानी हो सकती है। इसलिए सभी मतदाता इस प्रक्रिया को गंभीरता से लें और BLO को आवश्यक सहयोग प्रदान करें।

उपायुक्त ने बताया कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे तथा जिले की मतदाता सूची पूरी तरह स्वच्छ, सटीक और भरोसेमंद बने। उन्होंने राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों और मीडिया से भी मतदाता जागरूकता अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।