स्वर्णरेखा उद्गम स्थान से जल लेकर श्रावण के प्रथम दिन निकली भव्य कांवर सह जलयात्रा,बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा त्रिमूर्ति मंदिर परिसर



पिस्कानगड़ी। श्रावण माह के प्रथम दिन गुरुवार को नगड़ी प्रखंड के साहेर गांव में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य कांवर सह जलयात्रा निकाली गई। धार्मिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता राज मोहन महतो के नेतृत्व में सनातन धर्म के युवाओं ने साहेर स्थित त्रिमूर्ति मंदिर से जलयात्रा का शुभारंभ किया।
भगवान भोलेनाथ के जयघोष एवं "बोल बम", "हर-हर महादेव" के गगनभेदी नारों के बीच श्रद्धालु कांवरिए झारखंड की जीवनदायिनी स्वर्णरेखा नदी के उद्गम स्थल रानी चुंआ पहुंचे। वहां विधिवत पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं ने पवित्र जल कलश में भरा और पुनः भक्ति गीतों व जयघोष के साथ त्रिमूर्ति मंदिर लौटे।
मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के शिवलिंग पर विधि-विधान से जलाभिषेक किया। इसके साथ ही मंदिर में स्थापित अन्य देवी-देवताओं का भी पवित्र जल से अभिषेक किया गया। जलाभिषेक के उपरांत सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया तथा भगवान भोलेनाथ के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम में जितेंद्र महतो , भुषण महतो शाशी ठाकुर चन्दन कुमार अन्य सनातन धर्मावलंबी एवं ग्रामीण श्रद्धालुओं की सहभागिता रही। पूरे आयोजन के दौरान गांव का वातावरण शिवभक्ति और धार्मिक उल्लास से ओत-प्रोत बना रहा। इधर सावन मास के प्रथम दिन नगरी प्रखंड के सभी पंचायत में स्थित गांवों के शिवालय में श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ पूजा अर्चन कर सावन मास का शुभारंभ किया