डी आई जी नौशाद आलम ने बिरसा शिक्षा निकेतन विद्यालय में मनाया रक्षाबंधन, सामाजिक समरसता का दिया संदेश


रांची, रक्षाबंधन के पावन अवसर पर झारखंड के डीआई जी नौशाद आलम ने जगन्नाथपुर स्थित बिरसा शिक्षा निकेतन विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों के साथ रक्षाबंधन का त्योहार मनाया। इस दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उनका स्वागत किया और रक्षाबंधन के महत्व पर चर्चा की।

कार्यक्रम के दौरान नौशाद आलम ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का पर्व नहीं है, बल्कि यह समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे, सहयोग और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का भी संदेश देता है। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति के लिए जरूरी है कि सभी लोग आपसी भेदभाव को भूलकर एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनें और मिल-जुलकर आगे बढ़ें।

उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि बच्चे देश के भविष्य हैं और उनके भीतर सहयोग, सम्मान तथा मानवता की भावना मजबूत होगी तो समाज और राष्ट्र दोनों सशक्त होंगे।

विद्यालय परिसर में रक्षाबंधन के अवसर पर उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। विद्यार्थियों ने पर्व की खुशियां साझा कीं और सामाजिक एकता एवं सद्भाव का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से नौशाद आलम का आभार व्यक्त किया गया तथा रक्षाबंधन के पर्व की सभी को शुभकामनाएं दी गईं।