बूढ़ा अमरनाथ चट्टानी जैसी यात्राएँ विकसित भारत की आधारशिला रखेंगी — रंगनाथ महतो



रांची  बजरंग दल झारखंड के आह्वान पर बाबा बूढ़ा अमरनाथ चट्टानी की राष्ट्रीय साहसिक यात्रा के लिए झारखंड के विभिन्न जिलों से श्रद्धालुओं का जत्था मंगलवार को हटिया रेलवे स्टेशन से जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना हुआ। रांची महानगर, रांची ग्रामीण, रामगढ़, बोकारो महानगर, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा, हजारीबाग एवं कोडरमा सहित कुल 11 जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल हुए। हटिया स्टेशन पर आयोजित विदाई कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री मिथिलेश्वर मिश्र, प्रांत सेवा प्रमुख अजय अग्रवाल, बजरंग दल के प्रांत संयोजक रंगनाथ महतो, प्रांत मातृशक्ति प्रमुख अनीमा पाण्डेय, विभाग संयोजक अंकित सिंह, अमर प्रसाद, रेणु अग्रवाल एवं रोबीन कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने यात्रियों का स्वागत किया। इस अवसर पर लगभग 250 शिवभक्त श्रद्धालुओं को भगवा अंगवस्त्र प्रदान किया गया तथा तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया गया। इसके बाद अतिथियों ने भगवा ध्वज दिखाकर श्रद्धालुओं के जत्थे को जम्मू-कश्मीर के भगवती नगर बेस कैंप के लिए रवाना किया। बजरंग दल के प्रांत संयोजक एवं यात्रा प्रमुख रंगनाथ महतो ने कहा कि बाबा बूढ़ा अमरनाथ चट्टानी यात्रा वर्ष 2005 से निरंतर आयोजित की जा रही राष्ट्रीय साहसिक एवं धार्मिक यात्रा है। श्रावण मास में देशभर से शिवभक्त इस यात्रा में शामिल होकर बाबा बूढ़ा अमरनाथ चट्टानी के दर्शन करते हैं। इस वर्ष झारखंड से लगभग 250 श्रद्धालु यात्रा पर जा रहे हैं, जिसमें महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी है।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि जम्मू-कश्मीर में रहने वाले हिंदू समाज के साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक एकजुटता का संदेश भी देती है। पुंछ जिले में आयोजित होने वाली यह यात्रा भारत-पाकिस्तान सीमा के निकट स्थित क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने का माध्यम बनी है। रंगनाथ महतो ने कहा कि यात्रा के माध्यम से श्रद्धालु जम्मू-कश्मीर की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत से परिचित होते हैं। इससे स्थानीय स्तर पर धार्मिक पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि ऐसी यात्राएँ देश के विभिन्न हिस्सों के लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने, राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने कहा, “बाबा बूढ़ा अमरनाथ चट्टानी जैसी यात्राएँ धार्मिक आस्था के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक जागरण और सामाजिक समरसता को मजबूत करती हैं। निस्संदेह ऐसी यात्राएँ विकसित भारत की आधारशिला रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगी।” यात्रा का नेतृत्व बजरंग दल झारखंड के प्रदेश संयोजक सह यात्रा प्रमुख रंगनाथ महतो, सामाजिक समरसता सह प्रमुख मनोज चंद्रवंशी, दुर्गावाहिनी प्रांत संयोजिका कीर्ति गौरव, महाविद्यालय छात्र सह प्रमुख अमर प्रसाद, प्रांत सह संयोजिका गंगा कुमारी, विभाग संयोजक मुकेश सिंह, रांची महानगर सह मंत्री योगेश खेड़वाल, अनिल तिवारी, विश्वरंजन कुमार, संदीप गुप्ता एवं बिनोद विश्वकर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता कर रहे हैं।
श्रद्धालुओं को विदा करने के अवसर पर प्रांत मंत्री मिथिलेश्वर मिश्र, प्रांत सेवा प्रमुख अजय अग्रवाल, रांची विभाग संयोजक अंकित सिंह, प्रांत मातृशक्ति प्रमुख अनीमा पाण्डेय, रांची जिला मंत्री लोकनाथ शाहदेव एवं विजयनाथ महतो सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।