रांची-- झारखंड में विभिन्न प्रतियोगी चयन परीक्षाओं में व्याप्त अनियमितताओं एवं नियुक्ति प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर भर्ती सुधार यात्रा एवं जनजागरण अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में यात्रा के 11वें दिन गुरुवार को कोल्हान क्षेत्र का भ्रमण किया गया।
आज अहले सुबह जमशेदपुर के बड़ाम में शहीद निर्मल महतो जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भर्ती सुधार यात्रा को पुनः आगे बढ़ाया गया। इसके बाद जल्ला कॉलेज, पटमदा में छात्रों के साथ संवाद एवं वार्ता की गई। तत्पश्चात उलियान स्थित शहीद निर्मल महतो जी के समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई एवं आशीर्वाद ग्रहण किया गया।
समाधि स्थल पर आयोजित मीडिया वार्ता में छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि, “हम छात्र अपने न्यायसंगत मांगों को लेकर अडिग हैं। नियुक्ति प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता की गारंटी सरकार को देनी होगी। सरकार की छात्र विरोधी नीतियों के खिलाफ संपूर्ण झारखंड के छात्रों को एकजुट किया जाएगा।”
इसके उपरांत को-ऑपरेटिव कॉलेज में छात्रों को संबोधित करते हुए यात्रा आगे साकची पहुंची। इसके बाद देर शाम सरायकेला-खरसावाँ जिले में प्रवेश करते हुए सिद्धू-कान्हू पार्क में छात्रों के साथ संवाद एवं समय साझा किया गया।
अंत में सरायकेला के बिरसा चौक पर राष्ट्रगान के साथ आज की यात्रा का समापन किया गया। एवं अगले दिन शुक्रवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले में प्रवेश कर भर्ती सुधार यात्रा को आगे जारी रखने की घोषणा की गई।
आज की यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे और भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर अपना समर्थन व्यक्त किया।