रांची-- पुंदाग स्थित गुरुकुलम पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस समारोह धूमधाम एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में वार्ड नंबर 36 की पार्षद निहारिका कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विद्यालय की शिक्षिकाओं ने पुष्पमाला पहनाकर पार्षद निहारिका कुमारी का स्वागत किया।
समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में संगीत विद्यालय के संचालक मुकेश तिवारी के ग्रुप द्वारा विभिन्न संगीत प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे समारोह में चार चांद लग गया। बच्चों ने गीत-संगीत एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और प्रेम व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि निहारिका कुमारी ने विद्यालय की शिक्षिकाओं को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया तथा शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में उपहार प्रदान किए। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के महत्व के साथ-साथ शिक्षकों के सम्मान के लिए प्रेरित किया।
समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं के बीच पाठ्य सामग्री का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिकाएं शबनम कुमारी, सपना कुमारी, कस्फा परवीन, आरती कुमारी, नूर अफशां परवीन, पूनम कुमारी एवं अंजनी कुमारी सहित अन्य शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
शिक्षक दिवस समारोह ने विद्यालय में शिक्षा, संस्कार और गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति सम्मान का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास के साथ हुआ।