मोबाइल-कंप्यूटर के बढ़ते इस्तेमाल से बच्चों की आंखों पर असर, डॉक्टरों ने दी सावधानी की सलाह


राँची -- राजन आई केयर हॉस्पिटल के डायरेक्टर और ऑल इंडिया ऑप्थल्मोलॉजिकल सोसाइटी के निर्वाचित अध्यक्ष डॉ मोहन राजन ने बताया कि स्क्रीन टाइम बढ़ने से बच्चों में दृष्टि दोष की समस्या तेजी से बढ़ रही है. आंकड़ों के अनुसार 10 साल पहले बच्चों में दृष्टि दोष की समस्या 15 फीसदी थी, जो अब बढ़कर 25 फीसदी हो गयी है. अगर यही हाल रहा तो वर्ष 2050 में यह 50 फीसदी तक पहुंच जायेगा. वह होटल बीएनआर चाणक्या में आयोजित ऑल इंडिया ऑप्थल्मोलॉजिकल सोसाइटी की पांचवीं मिड-टर्म कॉन्फ्रेंस के दूसरे दिन बोल रहे थे. उन्होंने कहा कि ऑनलाइन पढ़ाई के इस समय में मोबाइल, कंप्यूटर या टैबलेट से बच्चों को पूरी तरह से रोका नहीं जा सकता, लेकिन उपयोग के तरीके में बदलाव किया जा सकता है. ऑनलाइन क्लास को टीवी जैसे बड़ेस्क्रीन से जोड़कर उसके दुष्प्रभाव को कम किया जा सकता है. बच्चों को सप्ताह में एक से दो दिन कम से कम दो घंटे धूप में अवश्य बिताना चाहिए. इसके अलावा विटामिन-ए युक्त भोजन थाली में शामिल करना जरूरी है।