टाइगर मोबाइल जवान पर हमले के आरोपी इमरान ने किया सरेंडर



रांची --  रांची पुलिस के बढ़ते दबाव के बाद हिंदपीढ़ी निवासी मोहम्मद इमरान ने शनिवार को रांची सिविल कोर्ट में सरेंडर कर दिया। इमरान ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) की अदालत में आत्मसमर्पण किया। सरेंडर के बाद अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

मोहम्मद इमरान पर कुछ दिनों पहले हिंदपीढ़ी इलाके में टाइगर मोबाइल के जवान के साथ मारपीट करने और उसका हथियार छीनने का प्रयास करने का आरोप है। इस मामले में हिंदपीढ़ी थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

ब्राउन शुगर कारोबार की शिकायत पर पहुंची थी पुलिस

बताया गया कि ब्राउन शुगर के कारोबार की शिकायत मिलने के बाद टाइगर मोबाइल का जवान हिंदपीढ़ी इलाके में कार्रवाई के लिए पहुंचा था। इसी दौरान इमरान और उसके कुछ साथियों ने जवान के साथ कथित तौर पर मारपीट की और उसका हथियार छीनने का प्रयास किया।

घटना के बाद पुलिस ने हिंदपीढ़ी थाना में मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी और दबिश शुरू की थी। पुलिस की बढ़ती कार्रवाई के बीच इमरान ने शनिवार को अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।