जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आज दिनांक 01.10.2026 को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 से संबंधित बैठक आयोजित की गई। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक में जिला अंतर्गत सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री विवेक कुमार सुमन एवं प्रशिक्षु आईएएस (IAS Probationer) सुश्री आस्था शरण उपस्थित थीं।
बैठक के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत चल रहे कार्यों की विधानसभा क्षेत्रवार समीक्षा की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा SIR के संबंध में जारी संशोधित दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को दिया।
*नोटिस प्राप्त मतदाताओं के दस्तावेज संग्रहण एवं अपलोडिंग की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश*
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन मतदाताओं को नोटिस निर्गत किया गया है, उनसे संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने की प्रक्रिया में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। संबंधित बीएलओ द्वारा मतदाताओं के घर जाकर आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने तथा उन्हें ECI Net/BLO App पर अपलोड करने के कार्य की निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी नियमित रूप से मॉनिटरिंग करें।
उन्होंने कहा कि SIR से संबंधित सभी प्रक्रियाओं का निष्पादन निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं समय-सीमा के अनुरूप पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित किया जाए। बीएलओ स्तर पर किए जा रहे कार्यों की प्रगति की लगातार समीक्षा करते हुए जहां भी आवश्यक हो, तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए।
*लापरवाही एवं अनुशासनहीनता पर नियमानुसार कार्रवाई*
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता अथवा अनुशासनहीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को बीएलओ के कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा कार्य में लापरवाही या अनुशासनहीनता पाए जाने पर संबंधित बीएलओ के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।